अंकिता शर्मा, कवर्धा। छत्तीसगढ़ ग्राम रोजगार सहायक संघ द्वारा उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के जन्मदिवस के अवसर पर कवर्धा में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए ग्राम रोजगार सहायकों, प्रांतीय पदाधिकारियों तथा जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का भव्य तुलादान कर सम्मान किया गया तथा केक काटकर उनका जन्मदिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम रोजगार सहायकों की लंबे समय से लंबित प्रमुख मांगों—ग्रेड पे एवं HR पॉलिसी—को लेकर उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के साथ सकारात्मक और सार्थक चर्चा हुई। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि चर्चा के दौरान मांगों के समाधान को लेकर सकारात्मक संकेत प्राप्त हुए हैं, जिससे प्रदेशभर के रोजगार सहायकों में उत्साह का वातावरण है।
समारोह में संघ के प्रांताध्यक्ष राजदेव शेट्ठी, उप प्रांताध्यक्ष देव बर्मन, कार्यकारी प्रांताध्यक्ष देवेंद्र हिरवानी, प्रांतीय सचिव निलेश वैष्णव, संयुक्त सचिव सचिन्द्र साहू तथा प्रांतीय मीडिया प्रभारी मोहित साहू सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला स्तर पर जिला अध्यक्ष राजाराम वर्मा, उपाध्यक्ष भेजलाल साहू, अजय शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी शोभित साहू, विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्षों एवं जिले के ग्राम रोजगार सहायकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अवसर पर संघ के पदाधिकारियों ने उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। साथ ही कहा कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कर्मचारियों और ग्राम रोजगार सहायकों के हित में उनकी पहल भविष्य में नई संभावनाओं का मार्ग प्रशस्त करेगी।