Explore

Search

July 13, 2026 4:53 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

गुरु रविदास जी के विचार समूचे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

कवर्धा। प्रदेश के उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी केवल किसी एक समाज के नहीं, बल्कि पूरे मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचार समानता, शिक्षा, श्रम की गरिमा और सामाजिक समरसता पर आधारित हैं, जो आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।

उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा कवर्धा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 649वीं जयंती के अवसर पर समाज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास गुरुद्वारा मंगल भवन प्रांगण में भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की घोषणा की।

कार्यक्रम में शामिल होने से पूर्व उप मुख्यमंत्री श्री शर्मा ने संत शिरोमणि गुरु रविदास गुरुद्वारा पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा गुरु रविदास जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

उप मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि गुरु रविदास जी का संदेश था कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा की ज्योति हर घर तक पहुंचनी चाहिए। शिक्षा के माध्यम से ही समाज आत्मनिर्भर, जागरूक और सशक्त बन सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

श्री शर्मा ने कहा कि सामाजिक समानता, आपसी भाईचारा और मेहनत की गरिमा जैसे मूल्यों को गुरु रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी से स्थापित किया। आज उनके विचार पूरे भारतीय समाज को एकजुट कर सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार समाज के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और समाज की आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। समाज की एकता और सहभागिता ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, नगर पालिका अध्यक्ष श्री चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, श्री नितेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, समाज के वरिष्ठजन, युवा वर्ग एवं बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest