Explore

Search

June 2, 2026 11:10 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देवारपारा में छापेमारी, गांजा और अवैध शराब जप्त

नशे के खिलाफ कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: देवारपारा में छापेमारी, गांजा और अवैध शराब जप्त
Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा कवर्धा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल तथा अमित पटेल के मार्गदर्शन में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF), कोतवाली पुलिस एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कवर्धा शहर के देवारपारा क्षेत्र में विशेष छापेमार कार्रवाई की।

कार्रवाई की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल स्वयं मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ अभियान का नेतृत्व किया। इस दौरान संदिग्ध मकानों एवं स्थानों की सघन तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कई स्थानों से अवैध रूप से संग्रहित शराब बरामद की गई, वहीं कुछ व्यक्तियों द्वारा घरों के पीछे जमीन में छिपाकर रखे गए गांजे को भी पुलिस ने जप्त किया।

पुलिस द्वारा बरामद मादक पदार्थ एवं अवैध शराब के संबंध में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस ने क्षेत्रवासियों से संवाद कर नशे के दुष्परिणामों के बारे में भी जागरूक किया।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि नशे का अवैध कारोबार समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब, गांजा एवं अन्य मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा और संस्कार दें तथा उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखें।

उन्होंने यह भी कहा कि कबीरधाम पुलिस नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। जिले में कहीं भी मादक पदार्थों की बिक्री, परिवहन अथवा भंडारण की सूचना मिलने पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना पुलिस को दें, उनकी पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

इस कार्रवाई में डीएसपी आशीष शुक्ला, कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप, एएनटीएफ प्रभारी महेश प्रधान, साइबर थाना प्रभारी उमाशंकर राठौर, दिव्या शर्मा, शालिनी वर्मा सहित कोतवाली थाना, एएनटीएफ एवं साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध नशे के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति देखी गई है।

Letest posts

Latest