अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले में चोरी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से कबीरधाम पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को कवर्धा शहर की 07 कबाड़ी दुकानों में पुलिस ने छापेमार कार्रवाई कर सघन जांच की।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (एसडीपीओ) आशीष शुक्ला एवं कोतवाली थाना प्रभारी योगेश कश्यप के नेतृत्व में की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने कबाड़ी दुकानों में रखी विभिन्न प्रकार की कबाड़ सामग्री, खरीद-बिक्री के अभिलेखों तथा संबंधित दस्तावेजों की जांच की। साथ ही दुकानदारों से कबाड़ सामग्री के स्रोत एवं खरीदी-बिक्री की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी भी प्राप्त की गई।
पुलिस अधिकारियों ने सभी कबाड़ी व्यवसायियों को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार का संदिग्ध अथवा चोरी का सामान न खरीदें और न ही उसका भंडारण करें। उन्हें खरीदी गई सामग्री का पूरा रिकॉर्ड संधारित करने तथा सामग्री बेचने वाले व्यक्तियों की पहचान संबंधी जानकारी सुरक्षित रखने के लिए भी कहा गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जांच में सहयोग मिल सके।
एसडीपीओ आशीष शुक्ला ने बताया कि जिले में चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण और चोरी के माल की खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी के माल की खरीदी-बिक्री में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी के सामान की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य चोरी के माल की खपत के रास्तों को बंद करना और जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।