अंकिता शर्मा, कवर्धा। कबीरधाम जिले में बैगा जनजाति के कथित उत्पीड़न और आबकारी विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली को लेकर बैगा समाज ने नाराजगी जताई है। छत्तीसगढ़ आदिवासी विकास परिषद, कबीरधाम शाखा के जिलाध्यक्ष कामू बैगा के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर आबकारी विभाग के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि आबकारी विभाग के कुछ अधिकारी बैगा समाज के लोगों को कथित रूप से फर्जी प्रकरणों में फंसाकर परेशान कर रहे हैं तथा अवैध वसूली जैसी गतिविधियों में संलिप्त हैं। समाज की ओर से SI रायजादा एवं SI गीता के विरुद्ध तत्काल निलंबन एवं जांच की मांग की गई है।

कामू बैगा ने कहा कि समरत बैगा, शहरु बैगा और परसादी बैगा सहित कई मामलों में अधिकारियों द्वारा मनमाने ढंग से कार्रवाई किए जाने के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने इसे आदिवासी समाज के अधिकारों एवं सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
ज्ञापन सौंपते हुए कामू बैगा ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो बैगा समाज आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि समाज शांतिपूर्ण तरीके से न्याय की मांग कर रहा है, लेकिन लगातार उपेक्षा की स्थिति में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में कमल धुर्वे (महासचिव), सौखी बैगा, ओमकार सिंद्राम, तारा बैगा, दसरू बैगा, जयता बैगा, शहर सिंह बैगा, देव सिंह बैगा, परसादी बैगा, लमतू बैगा और तख़त बैगा सहित समाज के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।