Explore

Search

July 28, 2026 9:50 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

कवर्धा: भारतीय जनता पार्टी ने शुरू किया ‘समरसता संकल्प अभियान’, गुरु रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लक्ष्य, जानकारी, 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक देशभर में होंगे विभिन्न कार्यक्रम

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक पूरे देश में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाने का ऐलान किया है।

मंगलवार को भाजपा जिला कार्यालय कवर्धा में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता जसविंदर बग्गा ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए कहा कि संत गुरु रविदास महाराज केवल किसी एक समाज के संत नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के महान पथप्रदर्शक हैं। उनके समता, सामाजिक न्याय, सेवा, सद्भाव और समरसता के विचार आज भी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

उन्होंने कहा कि समाज में वास्तविक क्रांति शस्त्रों से नहीं, बल्कि स्वच्छ विचार और विशुद्ध चेतना से आती है। संत गुरु रविदास महाराज ने अपने जीवन और शिक्षाओं के माध्यम से समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। आज देश को सामाजिक समरसता के जिस वातावरण की आवश्यकता है, उसमें उनके विचार अत्यंत प्रासंगिक हैं।

जसविंदर बग्गा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ का मूल भाव भी संत गुरु रविदास महाराज की विचारधारा से प्रेरित है। इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से भाजपा ने देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान प्रारंभ किया है।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई को देशभर के मंदिरों में समरसता दीप महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें लगभग 51 हजार स्थानों पर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इसके बाद 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान वाराणसी स्थित संत गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर की पवित्र मिट्टी देशभर के राज्यों, जिलों और प्रमुख मंदिरों तक पहुंचाई जाएगी।

इसके अलावा 29 जुलाई से 31 अगस्त तक संत संपर्क अभियान के माध्यम से संत-महात्माओं एवं धार्मिक संस्थाओं से संवाद किया जाएगा। 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक पंजाब के डेरा सचखंड बल्लां (जालंधर) से वाराणसी तक गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी। वहीं 26 नवंबर से 15 जनवरी तक छात्रावास संपर्क अभियान चलाकर युवाओं और विद्यार्थियों को संत गुरु रविदास के विचारों से जोड़ा जाएगा।

प्रदेश प्रवक्ता ने बताया कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रदेश, जिला और मंडल स्तर पर समितियों का गठन किया जाएगा। साथ ही मीडिया एवं सोशल मीडिया के माध्यम से व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। भाजपा ने संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं और समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि कबीरधाम जिले में भी अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर संत गुरु रविदास महाराज के समरसता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने जिले के सभी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

प्रेस वार्ता में भाजपा महामंत्री मुकेश ठाकुर, जिला प्रवक्ता कांशीराम उइके, अनुसूचित जाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष महेंद्र धृतलहरे तथा मीडिया प्रभारी मोहन कश्यप सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest