अंकिता शर्मा,कवर्धा। जनपद पंचायत सहसपुर लोहारा अंतर्गत ग्राम पंचायत पटपर के आश्रित ग्राम रेंगाटोला में मनरेगा योजना के तहत निर्माणाधीन पुलिया कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा निर्माण स्थल पर अनिवार्य नागरिक सूचना पटल भी नहीं लगाया गया है।
ग्रामीणों के अनुसार पुलिया निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है, जिससे निर्माण की मजबूती पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उनका कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी प्रकार जारी रहा तो भविष्य में पुलिया की सुरक्षा और स्थायित्व प्रभावित हो सकता है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मनरेगा के तहत होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में सूचना पटल लगाना अनिवार्य है, जिसमें कार्य का नाम, स्वीकृत राशि, लागत, कार्य अवधि, तकनीकी स्वीकृति तथा अन्य आवश्यक जानकारियां प्रदर्शित की जाती हैं। लेकिन निर्माण स्थल पर ऐसा कोई सूचना पटल नहीं लगाया गया है, जिससे कार्य की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य की नियमित तकनीकी निगरानी भी नहीं हो रही है। इससे संबंधित अधिकारियों और तकनीकी अमले की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय-समय पर निरीक्षण किया जाता, तो निर्माण गुणवत्ता और नियमों की अनदेखी जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करने तथा कार्य से संबंधित सभी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। उनका कहना है कि मनरेगा जैसी महत्वपूर्ण योजना में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना आवश्यक है ताकि सरकारी राशि का सदुपयोग हो सके और ग्रामीणों को टिकाऊ सुविधाएं मिल सकें।