Explore

Search

August 7, 2026 2:40 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

कवर्धा: केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले सांसद संतोष पांडेय, धवईपानी–सिमगा फोरलेन, कवर्धा–खैरागढ़ सड़क चौड़ीकरण और नए बायपास की रखी मांग दिल्ली में सौंपा मांग पत्र, एनएच-30 के उन्नयन सहित जिले की प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर केंद्रीय मंत्री ने दिया सकारात्मक आश्वासन।

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर कबीरधाम जिले की महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के उन्नयन सहित धवईपानी (छत्तीसगढ़–मध्यप्रदेश सीमा) से कवर्धा होते हुए सिमगा तक फोरलेन सड़क निर्माण, कवर्धा–खैरागढ़ मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण तथा कवर्धा शहर के लिए नए बायपास के निर्माण का प्रस्ताव सौंपा।

सांसद पांडेय ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि धवईपानी से सिमगा तक लगभग 125 किलोमीटर लंबा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी और हल्के वाहनों का आवागमन होता है। विशेषकर चिल्फी घाटी क्षेत्र में अक्सर लंबा जाम लगने से यात्रियों और मालवाहक वाहनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग के फोरलेन बनने से यातायात सुगम होगा, यात्रा समय कम होगा और सड़क सुरक्षा भी बेहतर होगी।

बैठक के दौरान सांसद ने कवर्धा से खैरागढ़ तक सड़क के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण की आवश्यकता भी प्रमुखता से रखी। उन्होंने बताया कि यह मार्ग कबीरधाम और राजनांदगांव जिले के बीच महत्वपूर्ण संपर्क सड़क है, जिसकी वर्तमान स्थिति जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इस परियोजना को सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) के तहत स्वीकृति देने का आग्रह किया।

इसके अलावा सांसद संतोष पांडेय ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के अंतर्गत कवर्धा शहर के लिए नए बायपास सड़क निर्माण की मांग भी दोहराई, ताकि शहर में बढ़ते यातायात दबाव को कम किया जा सके और आवागमन अधिक व्यवस्थित हो।

सांसद ने बताया कि इन तीनों परियोजनाओं को लेकर वे पूर्व में भी केंद्रीय मंत्री से मुलाकात कर चुके हैं। इस बार भी उन्होंने विस्तृत मांग पत्र सौंपते हुए शीघ्र स्वीकृति का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इन महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

मुलाकात के दौरान सांसद संतोष पांडेय ने सड़क एवं अवसंरचना कोष (CRIF) के तहत राजनांदगांव–खैरागढ़ सड़क तथा राजनांदगांव–डोंगरगांव–मोहला-मानपुर मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण के लिए राशि स्वीकृत किए जाने पर केंद्रीय मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।

Letest posts

Latest