अंकिता शर्मा, कवर्धा। जिले में उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय लगातार प्रयासरत हैं। इसी क्रम में सांसद ने नई दिल्ली में केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी से मुलाकात कर पंडरिया एवं बोड़ला स्थित शासकीय महाविद्यालयों के लिए नए भवन निर्माण की मांग उठाई।
मुलाकात के दौरान सांसद ने केंद्रीय मंत्री को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि विकासखंड मुख्यालय पंडरिया स्थित इंदिरा गांधी शासकीय महाविद्यालय तथा बोड़ला स्थित स्वामी विवेकानंद शासकीय महाविद्यालय वर्षों से संचालित हो रहे हैं, लेकिन दोनों कॉलेजों के भवन वर्तमान छात्र संख्या के अनुरूप पर्याप्त नहीं हैं। भवन पुराने और जर्जर हो चुके हैं तथा कक्षाओं के संचालन के लिए पर्याप्त कमरों का अभाव है।
सांसद ने बताया कि पंडरिया महाविद्यालय वर्ष 1984 से संचालित है, जहां वर्तमान में लगभग एक हजार विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां स्नातक एवं स्नातकोत्तर दोनों स्तर की पढ़ाई होती है। वहीं, बोड़ला महाविद्यालय वर्ष 2007 से संचालित है, जहां लगभग 700 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। दोनों महाविद्यालयों में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने आते हैं।
उन्होंने कहा कि भवनों की सीमित क्षमता के कारण कॉलेजों का संचालन दो पालियों में करना पड़ रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों को कई तरह की व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए नए भवनों का निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
सांसद संतोष पांडेय ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री से राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (RUSA) के अंतर्गत पंडरिया और बोड़ला में नए कॉलेज भवन निर्माण को स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया। इस पर केंद्रीय मंत्री ने मामले पर सकारात्मक विचार कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके लिए केंद्र व राज्य सरकार के समक्ष लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।