अंकिता शर्मा, कवर्धा। विकासखंड के ग्राम चचेड़ी में सांसद निधि से स्वीकृत सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन क्षेत्रीय सांसद संतोष पांडेय ने किया। इस अवसर पर उन्होंने मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद पांडेय ने कहा कि सांस्कृतिक भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है।

सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेश विकास और खुशहाली की दिशा में आगे बढ़ रहा है। स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अनेक योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंच रहा है। उन्होंने ग्रामीणों से गांव को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष खेलेश्वर साहू, जनपद सदस्य नीलांबर चंद्राकर, महामंत्री राजू चंद्रवंशी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र चंद्राकर, पिछड़ा वर्ग मोर्चा मंडल अध्यक्ष मोती सिन्हा, सरपंच पल्लवी राघवेंद्र शर्मा सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
