Explore

Search

July 25, 2026 12:39 am

Our Social Media:

RECENT POSTS

कवर्धा: जमीन पर बैठकर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, करोड़ों के विकास कार्यों की दी सौगात

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा, कवर्धा। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने शुक्रवार को सहसपुर लोहारा विकासखंड के ग्राम भेंड्रा नवागांव और पीरचाटोला में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रमों में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। अपने सहज और जनसरोकारों से जुड़े अंदाज में वे ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनते नजर आए। इस दौरान उन्होंने कई मांगों पर तत्काल स्वीकृति देते हुए करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की घोषणा की।

उपमुख्यमंत्री ने ग्राम बोटेसुर से नवागांव तक एक करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क निर्माण कराने की घोषणा की। वहीं ग्राम पीरचाटोला में 5.20 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण तथा वीबीजीआर योजना के तहत पुल-पुलिया निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृत कराने की घोषणा की।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सामुदायिक भवन, सीसी रोड, बोर खनन, रंगमंच, आहता निर्माण और आंतरिक विद्युतीकरण सहित कई विकास कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने जानकारी दी कि सूरजपुरा पंचायत में 51 लाख रुपये की लागत से मिनी स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है, जहां नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कर आसपास के गांवों के युवाओं को अवसर दिया जाएगा।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी विकास कार्य गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होने चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पीरचाटोला, सूरजपुरा, पेण्ड्रातराई, बैगापारा और बोटेसुर सहित विभिन्न गांवों में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए थे, जिनमें से अब तक 11 लाख आवासों का निर्माण पूरा हो चुका है।

उपमुख्यमंत्री ने महिला स्व-सहायता समूहों को डेयरी, दुग्ध उत्पादन और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों से जुड़कर आय बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि गांवों का वास्तविक विकास केवल सड़क और भवन निर्माण से नहीं, बल्कि कृषि, व्यापार, रोजगार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने से होगा।

उन्होंने क्षेत्र में बेहतर विद्युत व्यवस्था के लिए गांव और कृषि फीडरों को अलग करने तथा पुराने बिजली बिलों के समाधान की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, जनपद अध्यक्ष दुर्गा पटेल, जनपद उपाध्यक्ष अशोक पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Letest posts

Latest