Explore

Search

June 4, 2026 11:13 pm

Our Social Media:

RECENT POSTS

8 वर्षों का इंतजार खत्म: 6 जून से हाईटेक बस स्टैंड से शुरू होगा बसों का संचालन, यातायात और विकास को नई रफ्तार— चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी

Picture of Ankita Sharma

Ankita Sharma

अंकिता शर्मा कवर्धा। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने बताया कि नगरवासियों का 8 वर्ष का लंबा इंतज़ार अब समाप्त होने जा रहा है क्योंकि पुराना बस स्टैण्ड अब नए हाईटेक बस स्टैण्ड में स्थानांतरित किये जाने हेतु रोड मैप पूर्ण हो चुका है।

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि 8 वर्षो का इंतजार अब खत्म हुआ है नवीन हाईटेक बस स्टैण्ड से बसों का संचालन अब 6 जून से प्रारंभ कर दी जायेगी। उन्होनें यातायात व्यवस्था, सुरक्षा और भविष्य के विकास की दिशा में बस स्टैण्ड का संचालन को महत्तवपूर्ण कदम बताया। उन्होनें यातायात विभाग, पुलिस विभाग, परिवहन विभाग सहित बस ऑपरेटर, टैक्सी चालकों से बैठक कर समन्वय स्थापित कर बस संचालन किये जाने हेतु समन्वय स्थापित किया जा चुका है 8 वर्ष पहले बनकर तैयार हुआ हाईटेक बस स्टैण्ड के प्रारंभ होने से हमारे कवर्धा नगर की पहचान बढेगी। 

उन्होनें कहा कि सभी के समन्वय से ही बस स्टैण्ड का संचालन होगा। अधिकारियो को भी निर्देशित किया गया है कि बस स्टैण्ड संचालन पूर्व यात्रियों की मूलभूत सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, स्वच्छता व प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से किया जावें। ताकि बस स्टैण्ड में पहुंचने वाले यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानियों का सामना करना ना पड़े। प्रेसवार्ता के दौरान नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल भी उपस्थित रहे।

*सत्यनारायण जी की होगी पूजा, डिप्टी सीएम रहेगें मौजूद*

नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि बस संचालन पूर्व बस स्टैण्ड परिसर में भगवान सत्यनारायण जी की कथा एवं हवन पूजन कार्यक्रम होगा। जिसमें छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा, राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद संतोष पाण्डेय एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहेगें। गत दिवस अपने नपाध्यक्ष ने नगर पालिका टीम के साथ हाईटेक बस स्टैण्ड का निरीक्षण कर अंतिम से रूप चल रहे कार्यो का जायजा लिया तथा कमियों को तत्काल पूरा करने निर्देशित किया गया था तथा आवश्यक सुविधाओं को लेकर भी विभागवार पूर्ण करने को कहा।

*बढ़ते यातायात दबाव से मिलेगी मुक्ति*

शहर में लगातार बढ़ते यातायात दबाव, सड़क सुरक्षा की चुनौती तथा भविष्य की शहरी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए शहर से बाहर बायपास मार्ग पर करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण कराया गया था। रायपुर मार्ग हो, पंडरिया मार्ग, बोडला मार्ग अथवा अन्य कोई रूट, बड़ी बसों के शहर के अंदर प्रवेश से यातायात बाधित होता है, जाम की स्थिति निर्मित होती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नए बस स्टैंड के संचालन से शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा, यातायात अधिक व्यवस्थित होगा तथा नागरिकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। बस स्टैण्ड निर्माण के पश्चात लंबे समय तक इसका संचालन प्रारंभ नहीं हो सका और समय के साथ यह महत्वपूर्ण सार्वजनिक संपत्ति उपेक्षा का शिकार होने लगी। अब प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद स्थानीय विधायक एवं उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के सतत प्रयासों, दूरदर्शी नेतृत्व तथा नगर पालिका परिषद कवर्धा की निरंतर मेहनत से वर्षों से बहुप्रतीक्षित यह परियोजना धरातल पर उतरने जा रही है।

*भविष्य के विकास का नया केन्द्र बनेगा*

नया बस स्टैंड केवल यातायात व्यवस्था सुधारने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह कवर्धा के भविष्य के विकास का नया केंद्र भी बनेगा। बस स्टैंड के आसपास व्यापार, परिवहन, सेवा क्षेत्र और अन्य आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर विकसित होंगे। इससे रोजगार सृजन होगा, शहर का विस्तार सुनियोजित दिशा में होगा तथा नए विकास क्षेत्र का निर्माण होगा, जिसका लाभ पूरे कवर्धा को मिलेगा। श्री चंद्रवंशी ने कहा कि किसी भी नई व्यवस्था के प्रारंभिक संचालन के दौरान कुछ व्यावहारिक चुनौतियां सामने आ सकती हैं। किन्तु नगर पालिका परिषद, पुलिस विभाग, परिवहन व्यवसायी तथा प्रशासन इन चुनौतियों का समाधान करने के लिए पूर्णतः तैयार हैं। नागरिकों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार भी किए जाते रहेंगे।

*विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष सुविधा*

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि बस स्टैंड स्थानांतरण को लेकर बस संचालकों, ऑटो संचालकों तथा पुलिस विभाग के साथ कई चरणों में विस्तृत चर्चा की गई है और सभी आवश्यक बिंदुओं पर सहमति बनाई गई है। विशेष रूप से विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑटो संचालकों ने पहचान पत्र दिखाने वाले छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता देने तथा न्यूनतम किराये पर सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

Letest posts

Latest